गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी की सफाई व्यवस्था की खुली पोल
गंदी पड़ी लिफ्टों की सफाई के लिए बुजुर्ग निवासी डॉ. सत्यप्रकाश गोस्वामी को खुद उठानी पड़ी जिम्मेदारी
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। लंबे समय से गंदी पड़ी लिफ्टों की सफाई नहीं होने से परेशान होकर सोसायटी के बुजुर्ग निवासी डॉ. सत्यप्रकाश गोस्वामी ने स्वयं पहल करते हुए अन्य निवासियों के सहयोग से लिफ्टों की सफाई की।
डॉ. सत्यप्रकाश गोस्वामी हाथों में ग्लव्स पहनकर, बाल्टी, कपड़ा और सफाई सामग्री लेकर लिफ्टों की सफाई करते नजर आए। उनका कहना था कि जब सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई नहीं हो रही है, तो स्वच्छता के लिए स्वयं आगे आना भी समाज के प्रति जिम्मेदारी है।
इस दौरान अन्य निवासियों ने भी उनका सहयोग किया। लिफ्टों की सफाई का वीडियो रविवार सुबह से सोसायटी के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद RWA की सफाई व्यवस्था पर कई निवासियों ने नाराजगी जताई और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
निवासियों का कहना है कि वे नियमित रूप से मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान करते हैं, इसलिए लिफ्टों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई समयबद्ध और प्रभावी ढंग से होनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा।
इस घटना ने सोसायटी की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और निवासियों के बीच RWA की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
