संत कबीर नगर,। प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम्य विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, उ0प्र0 शासन एवं जनपद की प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम द्वारा जिलाध्यक्ष भाजपा नीतू सिंह, विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, विधायक मेंहदावल अनिल त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सत्य प्रकाश व मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की गई।
समीक्षा बैठक में मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम द्वारा जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा विकास, निर्माण एवं अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की विभागवार गहन समीक्षा की गयी।
मंत्री ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा आम जनमानस के स्वास्थ्य, शिक्षा, भरण पोषण, आवास आदि से सम्बन्धित जितनी भी योनजाएं चालू की गयी हैं, उन सबका लाभ प्रत्येक दशा में पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा आम जनमानस में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए। सम्बंधित विभागीय अधिकारीगण उनके विभाग से सम्बंधित योजनाओं के आच्छादन एवं प्रगति की गुणवत्ता का निरीक्षण गॉव में जाकर करते रहें तथा लाभार्थियों का फीड बैक भी अवश्य प्राप्त करे।
उन्होंने कहा कि जनपद को साफ-सुथरा, विकासशील एवं सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि आप लोगों के ईमानदारी एवं निष्ठा पूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने से ही जनपद का विकास होगा।
समीक्षा के दौरान विधायकगण द्वारा उनके क्षेत्र में विभिन्न विभागों से संबंधित स्थानीय समस्याओं से भी अवगत कराया गया जिस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए तथा किसी भी समस्या अथवा बजट के अभाव आदि की स्थिति में स्वयं को अवगत कराने हेतु भी कहा।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना में अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करवाते हुए जनपद के अधिक से अधिक व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाए जाने के निर्देश अधिशाषी अभियंता विद्युत को दिए। उन्होंने अधि0अभि0 विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि किसी गॉव में बार-बार ट्रान्सफार्मर खराब हो रहा है अथव ओवर लोड के कारण फाल्ट हो रहा है तो उसकी क्षमता वृद्धि अवश्य कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत कटौती रोस्टर के अनुसार ही हो जिससे किसानों को समस्या न हो। मा0 मंत्री जी ने अधिशाषी अभियन्ता विद्युत को निर्देशित किया कि विधानसभावार सभी माननीयों के अनुसार क्षमता वृद्धि एवं नये ट्रान्सफार्मर लगवाये जायें। मा0 मंत्री जी ने कहा कि आगामी श्रावण मास/कावड़ यात्रा को देखते हुए विद्युत विभाग द्वारा यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि अवागमन के रास्तों में विद्युत के तार ढीले अथवा जर्जर न हो तथा विद्युत पोलो में विद्युत उतरने की सम्भावना न हो। आमजन से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण आदि की दशा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सम्पर्क कर वार्ता अवश्य की जाए, जिससे समस्या का गुणवत्तापरक निदान हो।
मा0 मंत्री जी ने कहा कि बरसात के मौसम में सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत तटबंधों की सुरक्षा एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि बाढ़ से बचाव के दृष्टिगत समस्त व्यवस्थाएं सुचारू एवं अपडेट रहे।
बेसिक शिक्षा की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि शिक्षकों की समय से उपस्थिति एवं शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में अधिकारीगण विद्यालयों का औचक निरीक्षण करें तथा बच्चों से फीड बैक भी प्राप्त करे। माननीय मंत्री जी द्वारा जनपद के विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों की संख्या, शिक्षा की गुणवत्ता, पठन-पाठन सामग्री व मिड-डे-मील की गुणवत्ता व निरंतरता आदि के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, प्रघानमंत्री फसल बीमा योजना, राशन कार्ड सहित आमजन से जूड़ी समस्त लाभार्थीपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सम्बंधित लाभार्थी को योजना के अनुसार मिलता रहें। आपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत विद्यलायों में सभी पैरामीटर पर व्यवस्थायें पूर्ण रखी जाए। मा0 मंत्री जी ने निर्देशित किया कि दिव्यांग पेंशन में आधार की फीडिंग कर दिव्यांगजन को समय से पेंशन दिलायी जाए। उन्होंने कहा कि समस्त सफाई कर्मी अपनी डयूटी के अनुसार अपने क्षेत्र में रह कर सफाई कार्य करे। शौचालय/सामुदायिक शौचालयों को स्वच्छ रखा जाए तथा स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत समस्त कार्यो को पूर्ण किया जाए। प्रभारी मंत्री ने जनपद में स्थित गो-आश्रय स्थलों की निगरानी करने के साथ-साथ समस्त गौशालाओं में गौवशों हेतु भूसा, दाना-पानी, हरे चारे आदि की व्यवस्था एवं आवश्यकतानुसार वीमार पशु के इलाज की व्यवस्था हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पारिवारिक योजना में यह सुनिश्चित किया जाए की सभी को समय से लाभ मिल सकें। तहसील स्तर पर कैम्प लगा कर सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराते हुए पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाए। मंत्री ने कृषि विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि खाद एवं बीज की उपलब्धता समयानुसार सुनिश्चित रखी जाए जिससे किसानों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं एवं सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन कार्यो को गुणवत्तायुक्त ढंग से पूर्ण कराते हुए सम्बंधित विभाग को हैण्ड ओवर कर दिया जाए। बैठक में युवा कल्याण विभाग मत्स्य पंचायतीराज, विकसित भारत 2047, सोलर स्ट्री लाईट, एकीकृत बागवानी मिशन, व्यवसायिक शिक्षा कौशल विकास मिशन, लोक निर्माण विभाग सहित समस्त विभागों से जुड़ी योजनाओं में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए मंत्री द्वारा आवश्यक मार्ग दर्शन एवं दिशा निर्देश दिये गये।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री द्वारा सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों हेतु बेसिक सुविधाओं, इमरजेंसी व्यवस्था, एंबुलेंस 108, 102 के सक्रियता की स्थिति आदि के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
बैठक में समाज कल्याण, जिला दिव्यांगजन एवं सशक्तिकरण विभाग सहित समस्त जनकल्याणकारी विभागों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं में पात्रता की जांच करते हुए इसका विशेष ध्यान रखा जाए की कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। पात्र लाभार्थियों की सूची बना कर नियमानुसार उनको आच्छादित किया जाए। विभिन्न पेंशन योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को समय से पेंशन उनके बैंक खातों में ट्रान्सफर कर दिया जाए। छात्रों को छात्रवृत्ति भी नियमानुसार भी वितरित किया जाए।
मंत्री कहा कि हम सभी का उद्देश्य जनपद संत कबीर नगर का सर्वांर्गीण विकास, भ्रष्टाचार मुक्त कार्य के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराना एवं नियमानुसार पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। किसी भी स्तर पर उन्हें भ्रमित न करते हुए पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले माताओं, बहनों सहित सभी फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराते हुए उसका फीड बैक भी लिया जाए। उन्होंने प्रशासन से महिलाओं, बेटियों का सम्मान, सुरक्षा एवं स्वालम्बन तथा गरीबों एवं वंचितों को लाभ एवं न्याय दिलाये जाने की अपेक्षा व्यक्त किया।
समीक्षा के दौरान मंत्री द्वारा ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि विभाग, पशुपालन, उद्योग, राजस्व विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित समस्त विकास विभागों एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए लाभार्थीपरक एवं जन कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को आच्छादित किए जाने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने प्रभारी मंत्री सहित बैठक में उपस्थित विधायकगण सहित सम्मानित जनप्रतिनिधियों का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप मंत्री के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु आश्वस्त किया। मंत्री द्वारा जनपद में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक से विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी प्राप्त करते हुए महिला हेल्प लाइन, महिला सुरक्षा दल, 112 सचल दल, 1076, रासुका, गिरोह बन्द, एस0सी0एस0टी0 सहित अन्य सुरक्षा बिन्दुओं के बारे में अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी। मंत्री ने कहा कि जनपद में अथवा आसपास पशु तस्करी की निरंतर चेकिंग की जाती रहे। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा का विशेष ध्यान दिया जाए, मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं को जागरूकता अभियान चलाकर को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं आदि के संबंध में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार आम जनमानस में सुदृढ़ कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा की भावना को दृढ़ बनाये रखने के लिए यह आवश्यक है कि गुण्डों, अपराधियों एवं माफियाओं अथवा किसी भी तरह से कानून का उल्लघन करने वालों पर अविलम्ब सख्त कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि थानोें पर अबैध वसूली नही होनी चाहिए, थानों का औचक निरीक्षण कर थाने स्तर की समस्त गतिविधियों को संज्ञानित किया जाए तथा साइब अपराध पर नजर रखी जाए तथा थानों में लम्बित प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित फेक एवं भ्रामक खबरों पर नजर रखते हुए उन्हें रोका जाए।उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना रोकने के दृष्टिगत समस्त सुरक्षात्मक उपायों को सुरक्षित किया जाए, अवैध खनन पर प्रतिबन्ध लगाया जाए।
इस अवसर पर अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, परियोजना निदेशक विजयंत कुमार सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय श्रीवास्तव, प्रभागीय बनाधिकारी हरिकेश यादव, उप कृषि निदेशक डॉ0 राकेश कुमार सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग आर0के0 पांडेय, सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र गौतम, सहायक अभियंता विद्युत, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी अरूण कुमार, समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित सम्बंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।