लखीमपुर-खीरी,18 अगस्त (तरुणमित्र)। मादक पदार्थों की तस्करी एवं अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सदर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 1 किलो 662 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) खीरी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 अगस्त को कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, टीम ने मेहता मिलेनियम कॉलेज के पीछे खड़ंजा मार्ग से आदित्य चौरसिया पुत्र रमेश चौरसिया निवासी काशीराम कॉलोनी, डीसी रोड तथा गोलू गुप्ता पुत्र बब्लू गुप्ता निवासी काशीराम कॉलोनी, डीसी रोड, थाना कोतवाली सदर, जनपद खीरी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 1662 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली सदर में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संचित यादव, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र बहादुर सिंह, कांस्टेबल प्रतिपाल सिंह एवं कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह शामिल रहे।