अज्ञात व्यक्ति ट्रेन के आगे कूदा, इंजन में फंसा रहा शव
कई ट्रेने हुई प्रभावित
अरुण अग्रवाल, बहराइच संवाददाता
- पुलिस-आरपीएफ की कड़ी मशक्कत, इंजन से शव को निकाला बाहर
(जरवलरोड) बहराइच। जरवल रोड रेलवे स्टेशन के निकट चीनी मिल क्रॉसिंग फाटक संख्या 295 पर मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। ट्रेन चालक ने ट्रेन रोककर इसकी तत्काल सूचना रेलवे स्टेशन पर दी। चालक की सूचना पर स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम, आरपीएफ बुढ़वल और जीआरपी गोंडा को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं आरपीएफ बुढ़वल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। ट्रेन के इंजन में शव फंस जाने के कारण 55061 गोंडा से लखनऊ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब एक घंटे तक खड़ी रही।
पुलिस और आरपीएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को इंजन से बाहर निकलवाया। इसके बाद ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पैसेंजर ट्रेन मेन लाइन से प्लेटफार्म संख्या एक पर लगने के लिए कटी थी तभी चीनी मिल क्रॉसिंग पर खड़ा एक व्यक्ति अचानक ट्रेन के आगे कूद कर लेट गया जिससे उसकी काटकर मौत हो गई। काफी प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रेन करीब एक घंटे खड़ी रहने से गोंडा की ओर से लखनऊ जाने वाली बरौनी, राप्तीसागर सहित दर्जन ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा। वही रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने से काफी संख्या में वाहन व राहगीर फंसे रहें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
