बिठूर कांवड़ भरने जा रहे कांवड़िये की सड़क हादसे में मौत
औरैया से बिठूर जा रहे थे तीनों कांवड़िये, शिवली-चौबेपुर के बीच हुआ हादसा
हैलट अस्पताल में 50 वर्षीय रामू को मृत घोषित किया गया
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना दिबियापुर की कंचौसी चौकी क्षेत्र के गांव में रहने वाले एक कांवड़िये की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।
मढ़नई गांव निवासी रामू सिंह गौर (50) रविवार रात अपने साथी रामशरण और जीतू के साथ कांवड़ भरने के लिए बिठूर जा रहे थे। कानपुर देहात के शिवली और चौबेपुर के बीच तीनों सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में तीनाें घायल हाे गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आगे चल रहे अन्य साथियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने रामू सिंह गौर को मृत घोषित कर दिया।अन्य लाेगाें का इलाज चल रहा है। इस संबंध में दिबियापुर थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति की हादसे में मौत की जानकारी मिली है। यह हादसा कानपुर देहात क्षेत्र में हुआ है। मामले की संबंधित थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
