औरैया में DJ लदी पिकअप और कार पर हमला, बाइक सवार युवकों ने डंडों से तोड़े शीशे
बीराऊसर गांव के पास करीब 20 लोग वाहनों से जा रहे थे, अचानक दो युवकों ने रोककर किया हमला
पुलिस ने शुरू की जांच
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना तहसील क्षेत्र के रुरुगंज चौकी के गांव बीराऊसर के समीप सोमवार सुबह करीब नौ बजे बाइक सवार दाे युवकों द्वारा डीजे लदी पिकअप और कार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने वाहनों पर डंडे बरसाकर उनके शीशे तोड़ दिए। अचानक हुए हमले से वाहन सवारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहम्दाबाद, अछल्दा निवासी हर्षित शुक्ला पुत्र राजीव शुक्ला ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। पिकअप चालक हरिओम निवासी अछल्दा ने पुलिस को बताया कि करीब 20 लोगों की टीम डीजे लदी पिकअप और कार से जा रही थी। इसी दौरान बीराऊसर गांव के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने वाहनों को रोककर डंडों से हमला कर दिया। हमले में वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
पीड़ितों के मुताबिक, हमलावरों में शामिल एक युवक की टीशर्ट पर ‘नगला चिंता’ लिखा हुआ था। घटना के बाद आरोपित मौके से भाग निकले। हमले के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही रुरुगंज चौकी प्रभारी अजय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर वाहन सवारों से घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही हमलावरों की पहचान के प्रयास में जुटी है।पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
