एक लोटा जल चढ़ाने से ही प्रसन्न हो जाते हैं भोलेनाथ
गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी के श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को हुआ भव्य रुद्राभिषेक
कल शिवरात्रि पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाएगा
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी के श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में सावन मास के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से भव्य रुद्राभिषेक किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
इस दौरान महामृत्युंजय मंत्र के पवित्र उच्चारण से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा—
ॐ त्र्यंबकं यजामहे सुगंधिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बंधनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥
सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। सावन के सोमवार को भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक का विशेष महत्व है। भगवान शिव को भोलेनाथ कहा जाता है, क्योंकि मान्यता है कि वे सच्ची श्रद्धा से चढ़ाए गए एक लोटे जल से ही प्रसन्न हो जाते हैं।रुद्राभिषेक के दौरान सैकड़ों सोसायटी निवासियों ने भगवान शिव का जल, दूध, फल-फूल एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। मंदिर परिसर हर हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर सोसायटी की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। रश्मि चौधरी ने बताया कि कल शिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री शिव बालाजी धाम मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं भगवान शिव की आराधना की जाएगी। उन्होंने सोसायटी के सभी निवासियों से शिवरात्रि के अवसर पर मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने की अपील की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
