आउटसोर्स कर्मियों के पारिश्रमिक में वृद्धि से मिलेगी आर्थिक मजबूती
कार्मिको को दिया गया प्रशस्ति पत्र लाभार्थियो को डेमो चेक और टूल किट
बस्ती - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण, निगम की वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारंभ तथा आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की उद्घोषणा की गई। इस अवसर पर विभिन्न लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए तथा सफाई कर्मियों को भी सामग्री/लाभ का वितरण किया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण तथा मुख्यमंत्री का उद्बोधन जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं अन्य लोगों द्वारा बहुउद्देशीय हाल राजकीय इण्टर कालेज में देखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों एवं आउटसोर्स कर्मियों के हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों और कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक वर्ग के सम्मान, सुरक्षा एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आउटसोर्स कर्मियों के पारिश्रमिक में वृद्धि से उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट एवं पोर्टल के शुभारंभ से आउटसोर्स सेवाओं के संचालन में पारदर्शिता और सुगमता आयेगी। डिजिटल माध्यम से सेवाओं को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में भी सहायता मिलेगी। इसके साथ कैशलेस चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध होगी। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा आउटसोर्स कर्मियों के हित में की गई घोषणाओं की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियो व अधिकारियो द्वारा कार्मिको को प्रशस्ति पत्र, विभिन्न योजनाओ के लाभार्थियो को डेमो चेक, टूल किट दिया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्रा नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, अंकुर वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, बीएसए अनुप तिवारी, सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
