मध्य प्रदेश: खरगोन में 106 करोड़ की भदोरा इंडस्ट्रीज का लोकार्पण
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को खरगोन जिले की कसरावद तहसील के ग्राम पानवा में 106.35 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित भदोरा इंडस्ट्रीज लिमिटेड का ग्वालियर से वर्चुअल लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिए प्रक्रियाओं को लगातार सरल किया जा रहा है। पहले उद्योग लगाने के लिए 76 प्रकार की अनुमतियां लेनी पड़ती थीं, अब सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से त्वरित अनुमति मिल रही है।
भूमि आवंटन की प्रक्रिया भी पहले 50 से 60 दिन में पूरी होती थी, जिसे अब घटाकर 29 दिन के भीतर किया गया है। उद्योगों को सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। मध्य प्रदेश में निवेश और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भदोरा इंडस्ट्रीज के प्रारंभ होने से कसरावद क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अनेक नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि खरगोन के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है और क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास के लिए विभिन्न स्तरों पर निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है।
खरगोन कपास उत्पादन के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें मंडी टैक्स कम करने का निर्णय भी शामिल है। उन्होंने कहा कि उद्योगों और किसानों के विकास से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में विद्युत अधोसंरचना, नवकरणीय ऊर्जा तथा औद्योगिक क्षेत्रों की आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वर्तमान समय में बिजली और बिजली से जुड़े उत्पादों की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। ऐसे उद्योगों के स्थापित होने से युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि नर्मदा जी के आशीर्वाद से प्रदेश में पर्याप्त जल उपलब्धता भी सुनिश्चित हो रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। प्रदेश में करीब 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और अधोसंरचना के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महाकाल लोक के बाद ओंकारेश्वर सहित प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों का भी विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश की अनेक औद्योगिक इकाइयां मध्यप्रदेश की ओर आकर्षित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में जो एक बार आता है, वह मध्य प्रदेश का होकर रह जाता है। उन्होंने उद्योगपतियों और उद्यमियों से मध्य प्रदेश में निवेश कर रोजगार के नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भदोरा इंडस्ट्रीज के प्रारंभ होने से क्षेत्र में रोजगार और समृद्धि बढ़ेगी तथा मध्य प्रदेश विकास की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ेगा।
उद्यम संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्यम संवाद के दौरान उद्योग एवं रोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।
उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं, विद्युत अधोसंरचना, नवकरणीय ऊर्जा तथा निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे निवेशकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
भदोरा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के लोकार्पण कार्यक्रम में कंपनी के ऑनर शशांक भदोरा दुबई से वर्चुअल रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक बालकृष्ण पाटीदार, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी, नंदा ब्राह्मणे सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
