रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत मिशन शक्ति को मिला नया संबल
महिला पुलिस कर्मियों को वितरित की गईं 10 स्कूटियां
महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के कार्यों को मिलेगी और अधिक गति
प्रतापगढ़। शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत जनपद के थानों पर संचालित मिशन शक्ति केन्द्रों को और अधिक सुदृढ़ एवं गतिशील बनाने के उद्देश्य से स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय की उपस्थिति में CSR (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के माध्यम से मिशन शक्ति केन्द्रों की महिला पुलिस कर्मियों को 10 स्कूटियां वितरित की गईं।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज, प्रतिसार निरीक्षक राजीव राय व परिवहन शाखा प्रभारी भगवान दास यादव सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
मिशन शक्ति केन्द्रों को उपलब्ध कराई गई स्कूटियों का उपयोग महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित पुलिस कार्यों को अधिक प्रभावी एवं गतिशील बनाने में किया जाएगा। इनके माध्यम से मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा स्कूल-कॉलेज, बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित भ्रमण, गश्त एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे।
साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित मौके पर पहुंचने, महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं एवं हेल्पलाइन के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जनसंवाद स्थापित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में भी इन स्कूटियों का उपयोग किया जाएगा।
जनपद के अन्य थानों पर संचालित मिशन शक्ति केन्द्रों को भी आवश्यकता के अनुरूप शीघ्र ही स्कूटियां उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से संबंधित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर द्वारा मिशन शक्ति केन्द्रों से जुड़े पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित क्षेत्र भ्रमण, जनसंवाद, जागरूकता कार्यक्रम एवं शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपलब्ध कराई गई स्कूटियों का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप करते हुए मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
