आगरा में हैवानियत की हद पार: टेंपो में ले जाकर 6 साल की मासूम से दरिंदगी, विरोध पर परिवार पर पथराव
आगरा । आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां कक्षा 2 में पढ़ने वाली 6 वर्षीय मासूम छात्रा के साथ गांव के ही एक युवक द्वारा गंभीर आपराधिक कृत्य करने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को छात्रा ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे पकड़ लिया और पास खड़े टेंपो में जबरन ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ गलत हरकत की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ ही आरोपी ने बच्ची को धमकी दी कि वह इस घटना के बारे में किसी को न बताए।
घटना के बाद बच्ची डरी-सहमी रही, लेकिन दो दिन बाद जब उसे तकलीफ बढ़ी तो उसने रविवार शाम को अपनी मां को पूरी बात बताई। यह सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत आरोपी की तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि आरोपी गांव में ही घूमता मिला, जिसे बच्ची ने पहचान लिया।
आरोप है कि जब पीड़ित परिवार ने आरोपी के घरवालों से शिकायत की तो उन्होंने उल्टा पथराव कर दिया। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।थाना मलपुरा प्रभारी के अनुसार, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
