बाघागाड़ा में ट्रक से भिड़ी काशी डिपो की बस, चालक की मौत, 15 यात्री घायल
गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर बाघागाड़ा के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से गोरखपुर आ रही काशी डिपो की रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में अनियंत्रित होकर जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि बस चालक समेत कई यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बस चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 16 यात्रियों के घायल होने की सूचना है।
37 यात्री थे सवार
पुलिस के मुताबिक काशी डिपो की बस वाराणसी से गोरखपुर की ओर आ रही थी। बस में कुल 37 यात्री सवार थे। बाघागाड़ा के पास हाईवे पर बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चालक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में बस चालक दयाशंकर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक चालक वाराणसी के सेवापुरी क्षेत्र के बसहुपुर गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
14 यात्रियों का अस्पताल में इलाज
हादसे में घायल 14 यात्रियों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। घायलों में अरविंद कुमार गुप्ता, ज्ञानवती देवी, अन्नू, राकेश यादव, रागिनी मिश्रा, राकेश गुप्ता, सुमन मिश्रा, अमरजीत प्रसाद, हुमायूं हाशमी, मो. रफी, मो. इमरान, सुरेश गुप्ता, संदीप कुमार और सुंदरी के नाम सामने आए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही गीडा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस व ट्रक के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में टकराई थी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 33 वर्षों का अनुभव रखने वाले संजय श्रीवास्तव वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के गोरखपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय और प्रशासनिक मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग के साथ वह निरंतर समाचार कवरेज करते हैं।
