नगीना के हर्षित धनराज ने NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर बढ़ाया जनपद का मान
सीमित संसाधनों से रचा सफलता का इतिहास
रामनाथ सिंह
- हर्षित की उपलब्धि जनपद के हजारों विद्यार्थियों के लिए बनी प्रेरणा
बिजनौर। कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। इसका प्रेरणादायक उदाहरण जनपद बिजनौर के नगीना स्थित मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी हर्षित धनराज ने प्रस्तुत किया है। उन्होंने घर पर रहकर स्वअध्ययन के माध्यम से NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।
हर्षित धनराज, सफाई कर्मचारी सुरेन्द्र पाल सिंह के पुत्र हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासित दिनचर्या और अटूट आत्मविश्वास के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि से परिवार में हर्ष का माहौल है, वहीं मोहल्ले और क्षेत्र के लोगों में भी गर्व और खुशी की लहर है।
ये खबर भी पढ़े : सांसद प्रमोद तिवारी के जन्मदिन पर बाबा धाम में हवन पूजन, विविध स्थानों पर केक काटकर साझा हुई खुशियांहर्षित की सफलता का समाचार मिलते ही समाज और राजनीति से जुड़े कई प्रमुख लोग उनके आवास पहुंचे। भाजपा प्रांतीय पार्षद रोहित रवि, पूर्व विधायक सतीश गौतम, इंडियन यूथ आर्मी के संस्थापक एडवोकेट विश्वास राव तथा लोक जनशक्ति पार्टी के मुरादाबाद मंडल महासचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार रामनाथ सिंह ने हर्षित को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने कहा कि हर्षित धनराज ने यह साबित कर दिया है कि सफलता केवल महंगे संसाधनों से नहीं, बल्कि मेहनत, लगन और मजबूत इरादों से हासिल होती है। उन्होंने कहा कि हर्षित की उपलब्धि जनपद के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं।
वक्ताओं ने हर्षित के माता-पिता की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने पुत्र की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। परिवार के त्याग और हर्षित की अथक मेहनत का ही परिणाम है कि आज उन्होंने NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और जनपद का गौरव बढ़ाया है।
हर्षित धनराज की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शुभचिंतकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल चिकित्सकीय भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने का संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी बाधा सफलता का मार्ग नहीं रोक सकती।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
