सीएम योगी ने बिजनौर को दी 1003 करोड़ से अधिक की 76 विकास परियोजनाओं की सौगात
गंगा एक्सप्रेस-वे हरिद्वार तक बढ़ाने की घोषणा, मेडिकल कॉलेज-नर्सिंग कॉलेज सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
रामनाथ सिंह
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर जनपद को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 1003 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की चाबियां, स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, प्रमाण-पत्र तथा टूलकिट वितरित कर सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर को महात्मा विदुर की पावन तपोभूमि बताते हुए कहा कि यह जनपद ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है, जिसका लाभ प्रदेश के प्रत्येक जनपद को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिजनौर ने संघर्ष से विकास तक का लंबा सफर तय किया है और आज यह उत्तर प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे जिलों में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने गन्ना किसानों का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। वर्ष 2017 से पहले गन्ना किसानों को भुगतान के लिए वर्षों तक इंतजार करना पड़ता था, जबकि आज समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश भी समृद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार, बेहतर सड़क नेटवर्क, मेडिकल कॉलेज, पर्यटन विकास, औद्योगिक निवेश और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार ने बिजनौर के विकास को नई गति दी है। उन्होंने नगीना के विश्वविख्यात काष्ठ शिल्प, किसानों की मेहनत, युवाओं की ऊर्जा और व्यापारियों की उद्यमशीलता की सराहना करते हुए कहा कि यही बिजनौर की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे का विस्तार बिजनौर से हरिद्वार तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे जाने वाले सड़क, पुल और फ्लाईओवर संबंधी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाएगी तथा विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की कर्जमाफी, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, निःशुल्क राशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचा रही है। तकनीक आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर में औद्योगिक निवेश लगातार बढ़ रहा है। बेल्जियम की अग्रिस्ट मासा सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने 'विदुर प्रेरणा' स्वदेशी ब्रांड की सफलता को आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास का लोकार्पण जनपद की बेटियों के लिए गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा का नया द्वार खोलेगा। इसके अलावा पर्यटन, पेयजल, सड़क, पुल तथा अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी अनेक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से जिले के विकास को नई गति मिलेगी।
.jpeg)
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, सांसद चंदन चौहान, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह तथा विधायक सूची चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, एमएलसी अशोक कटारिया, अशोक कुमार राणा, ओम कुमार, कुँवर सुशांत सिंह, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
