मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बिजनौर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
सुरक्षा व्यवस्था का डीआईजी व एसपी ने लिया जायजा
- किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने के दिए निर्देश
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद बिजनौर आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), मुरादाबाद परिक्षेत्र मुनिराज जी तथा पुलिस अधीक्षक बिजनौर अभिषेक झा ने थाना कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, वीआईपी आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ करें। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
