खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मसाले-अचार समेत 16 खाद्य नमूने भरे
पैकेज्ड पेयजल की गुणवत्ता जांचने को प्रशासन ने की छापेमारी
रामनाथ सिंह
- खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया विशेष अभियान
बिजनौर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में विशेष अभियान चलाकर मसालों, अचार, सॉस और पैकेज्ड पेयजल की दुकानों व निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के 16 नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
कार्यालय आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी जसजीत कौर के आदेश पर चलाए गए अभियान के तहत सदर बिजनौर, नगीना, चांदपुर, नजीबाबाद और धामपुर तहसीलों में औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने मसाले, अचार, सॉस और मुरब्बा बनाने वाली इकाइयों एवं दुकानों की जांच की।
अभियान के दौरान रेड चिली सॉस, ग्रीन चिली सॉस, टमाटर केचअप, मिक्स अचार, ग्रीन चिली पिकल, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर तथा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के कुल 16 नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम असीम मौर्य के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों राजीव कुमार, डी.के. वर्मा, नरेश कुमार, रेणु सिंह, शम्भू दयाल, अनिल कुमार और अमित सिंह शामिल रहे। विभाग ने बताया कि मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
