थाना महुली में फिट पुलिस–सशक्त पुलिस की भावना के साथ व्यायाम
समीक्षा बैठक एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन
संत कबीर नगर, आज पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* के निर्देशन में थाना महुली पर समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को एकत्रित कर शारीरिक व्यायाम कराया गया । व्यायाम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से सजग तथा ड्यूटी के प्रति सदैव सक्रिय बनाए रखना रहा । स्वस्थ पुलिसकर्मी ही जनता को बेहतर सुरक्षा एवं सेवा प्रदान कर सकता है ।
व्यायाम उपरांत थाना परिसर में बैठक आयोजित कर कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, लंबित कार्यों, अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई की गुणवत्ता तथा विभागीय दायित्वों की विस्तृत समीक्षा की गई । प्रत्येक रिक्रूट कांस्टेबल के प्रशिक्षण, अनुशासन एवं कार्य प्रगति का मूल्यांकन करते हुए उन्हें व्यवहारिक पुलिसिंग, जनता से संवाद, कानून के प्रभावी अनुपालन तथा सेवा भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।
बैठक के दौरान थाने पर लंबित वाहनों के शीघ्र एवं विधिक निस्तारण के लिए सूची तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके उपरांत समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से थाना परिसर, कार्यालयों, मालखाना एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की साफ-सफाई कर स्वच्छ, व्यवस्थित एवं अनुशासित कार्य वातावरण का संदेश दिया।
थाना महुली पुलिस का विश्वास है कि अनुशासन, शारीरिक दक्षता, निरंतर प्रशिक्षण, स्वच्छ कार्यसंस्कृति एवं टीम भावना ही उत्कृष्ट पुलिसिंग की आधारशिला हैं। जनता की सुरक्षा, कानून का सम्मान और संवेदनशील पुलिसिंग हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
