जुए के विवाद ने लिया हिंसक रूप, रेलवे लाइन किनारे मरणासन्न छोड़ भागे आरोपी
मोहनलालगंज में धड़ल्ले से चल रहा जुए का खेल
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज के अतरौली गांव में जुए में रुपये के लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने एक युवक को बीच रास्ते रोककर बेरहमी से लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा। जान बचाने के लिए युवक रेलवे लाइन की ओर भागा तो हमलावरों ने उसका पीछा कर दोबारा हमला किया और लहूलुहान हालत में रेलवे ट्रैक के पास मरणासन्न छोड़कर फरार हो गए। उधर से गुजर रही एक युवती की सतर्कता से घायल युवक की जान बच सकी।
अतरौली निवासी भल्लू अपने साथी कुलदीप के साथ बाइक से भोलाखेड़ा जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 8-10 लोगों ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने कुलदीप को धमकाकर भगा दिया और भल्लू पर टूट पड़े। बचने के लिए वह रेलवे लाइन की ओर भागा, लेकिन आरोपियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और बेरहमी से पीटकर अधमरी हालत में रेलवे लाइन के किनारे फेंक दिया। घायल भल्लू काफी देर तक घटनास्थल पर तड़पता रहा। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक युवती ने मानवता का परिचय देते हुए उसके परिजनों और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार आया।
पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन पहले जुए में हार-जीत के बाद रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर जानलेवा हमला किया। भल्लू का कहना है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। वहीं थाना प्रभारी रामबाबू सिंह ने बताया मामले की शिकायत मिली है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुढ़ा, अतरौली, डांडा सिकंदरपुर समेत आसपास के कई गांवों में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध जुआ संचालित हो रहा है। आए दिन हार-जीत और रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद सामने आते हैं। अतरौली की यह घटना भी इसी अवैध कारोबार का नतीजा मानी जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से जुए के अड्डों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
