पत्रकारपुरम फायरिंग कांड में बड़ी कार्रवाई: एक आरोपी गिरफ्तार, शेष की तलाश जारी
लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर स्थित पत्रकारपुरम में मनीष ईटिंग प्वाइंट पर हुई सनसनीखेज फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे वांछित आरोपी संदीप दूबे को गोमतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस बहुचर्चित मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 28 जून 2026 की शाम करीब 8:30 बजे गोमतीनगर के विनयखण्ड स्थित मनीष ईटिंग प्वाइंट पर दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और फायरिंग में बदल गया। आरोप है कि प्रणव शुक्ला अपने साथियों के साथ एकराय होकर होटल पहुंचे और मनीष गौर तथा उनके कर्मचारियों पर जानलेवा हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने अवैध पिस्टल से फायरिंग की, जिसमें होटल कर्मचारी अखिलेश कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी यहीं नहीं रुके, बल्कि मुकदमे के वादी अंकित सिंह के मकान संख्या ई-4/802 पर पहुंचकर भी फायरिंग की। इस दौरान वाहन पर गोलियां चलाई गईं, पड़ोसी के वाहन में तोड़फोड़ की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पूरे घटनाक्रम से इलाके में दहशत फैल गई थी।घटना के संबंध में 29 जून को थाना गोमतीनगर में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। पहला मुकदमा अंकित सिंह की तहरीर पर, दूसरा मनीष ईटिंग प्वाइंट के संचालक मनीष गौर की शिकायत पर तथा तीसरा संतोष सिंह की तहरीर पर दर्ज किया गया।
इन मुकदमों में फायरिंग, धारदार हथियारों से हमला, जानलेवा हमला, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने जैसी गंभीर धाराएं शामिल की गईं।जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) तथा सीएलए एक्ट की धारा 7 की भी बढ़ोतरी की। मामले में सबसे पहले मुख्य आरोपी प्रणव शुक्ला को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 30 जून को अभय प्रताप सिंह, विष्णु स्वरूप द्विवेदी और सार्थक कपूर को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इसी क्रम में फरार आरोपियों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर गोमतीनगर पुलिस ने स्टेशन रोड से शहीद पथ अंडरपास के नीचे से वांछित आरोपी संदीप दूबे (22 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र दूबे को गिरफ्तार कर लिया। संदीप दूबे मूल रूप से सिद्धार्थनगर जनपद के नौगढ़ थाना क्षेत्र के इन्दिरानगर मोहल्ले का निवासी है और वर्तमान में चिनहट क्षेत्र के मटियारी स्थित बाबा हॉस्पिटल के निकट किराये के मकान में रह रहा था।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
