जौनपुर में ट्रेन की चपेट में आए बुजुर्ग, मौके पर दर्दनाक मौत
जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोटवार बाजार के पास वाराणसी-फैजाबाद रेलखंड पर रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के फरीदाबाद गांव निवासी छोटेलाल गौतम (72) पुत्र स्वर्गीय बृजमोहन गौतम रविवार सुबह किसी समय कोटवार बाजार के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची जीआरपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक पिछले काफी समय से बीमारी से परेशान थे। वहीं, पारिवारिक विवाद के कारण भी वह मानसिक रूप से तनाव में रहते थे। उनके तीनों बेटे अलग रहते हैं।
इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी सदर परमानन्द कुशवाहा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
