चिलचिलाती गर्मी में बिजली की मार, दुबग्गा-पारा में 36 घंटे बिजली गुल
अंडरग्राउंड केबल में खराबी आ गई थी, उच्च अधिकारी ने कराई मरम्मत
लखनऊ। दुबग्गा और पारा क्षेत्र में लगभग 36 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से हजारों उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी और उमस के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एफसीआई से पॉजिट क्षेत्र के साथ-साथ बादशाह खेड़ा, बुद्धेश्वर, बादल खेड़ा, जनता विहार, मायापुरम, कुंदन बिहार, नाजिम नगर, हर्ष नगर और भपटामऊ सहित आसपास की कई कॉलोनियों में घंटों बिजली गुल रही और लगातार ट्रिपिंग की समस्या से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
इस बिजली संकट का सबसे अधिक असर मोहान सेवा हॉस्पिटल, आरोग्यं डायग्नोस्टिक सेंटर समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और थ्री-फेज कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं पर पड़ा। अस्पतालों और जांच केंद्रों को जनरेटर के सहारे अपनी सेवाएं संचालित करनी पड़ीं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया। वहीं, छोटे उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। अंडरग्राउंड केबल में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे अधिकारियों ने अपने सामने मरम्मत कराई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद समय पर कोई समाधान नहीं मिला। कई उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
लोगों का कहना था कि बिजली बाधित होने से पेयजल आपूर्ति, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कार्य भी प्रभावित हुए, जबकि इनवर्टर और बैटरियां भी जवाब देने लगी थीं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबल में तकनीकी खराबी आने के कारण आपूर्ति बहाल करने में देरी हुई। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद उपखंड अधिकारी संदीप कुमार वर्मा और अवर अभियंता जहांगीर आलम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोहान सेवा हॉस्पिटल और आरोग्यं डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण किया और संचालक मंडल के सदस्य विजयपाल सिंह से बात कर फॉल्ट को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
ये खबर भी पढ़े : यूपी पंचायत चुनाव: प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने पर हाईकोर्ट की रोक, अब फैसले को डबल बेंच में चुनौती देगी योगी सरकारमरम्मत कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि बार-बार होने वाली इस बिजली समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा विद्युत नेटवर्क को मजबूत कर भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने दी जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
