डीएम अंकल! मेरे गांव की रोड बनवा दीजिए स्कूल जाने में होती है परेशानी.......
गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव, संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका
मनोज शर्मा, बाराबंकी संवाददाता
- हाल-ए- विकास खंड सिरौलीगौसपुर, ग्राम पंचायत रसूलपुर
बाराबंकी। विकास खंड सिरौलीगौसपुर की ग्राम पंचायत रसूलपुर में विकास के सारे दावे फेल नजर आ रहे हैं। गांव के मुख्य रास्ते पर पिछले 2 महीने से नाले के गंदे पानी के जलभराव नाला जाम होने से स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और मरीज इसी कीचड़ और बदबूदार पानी में होकर आने-जाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव का मुख्य नाला जाम है। साथ ही लैट्रिन और घरों का गंदा पानी भी इसी रास्ते पर आकर जमा हो रहा है। कई बार ग्राम प्रधान और अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीण ननकू लाल ने बताया कि 2-3 महीने से पानी भरा है। स्कूल जाने वाले बच्चों के कपड़े-लत्ता सब खराब हो रहे हैं। गणेश चतुर्थी का प्रोग्राम आ रहा है, आदमी कैसे जाएगा? अधिकारी पानी की निकासी कराएं।
कक्षा 6 के छात्र आशीष कुमार ने कहा "बहुत दिन से पानी भरा है। मैं रोज इसी गंदे पानी में से निकल कर स्कूल जाता हूं। इसमें सब लोग आते-जाते हैं इसलिए पानी और बढ़ गया है। इसे खत्म करवाइए।"
ग्रामीण महिला कमली देवी ने कहा "यहां बहुत गंदा पानी भरा है। छोटे-छोटे बच्चे इसमें फिसल जाते हैं और उनकी किताब-कापी सब खराब हो जाती है। यहां पुलिया बनवानी चाहिए और नाला सही करवाना चाहिए।"
ग्रामीण मुकेश कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा "यहां जवान, बूढ़े सब इसी गंदे पानी में आ-जा रहे हैं। लैट्रिन का पानी भी यहीं आता है। वोट के समय नेता-विधायक सब आते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं करता।"
ग्रामीण सुंदर लाल ने दुख व्यक्त करते हुए कहा "कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं है। तो अब हम जाएं तो कहां जाएं?"
.jpeg)
जलभराव और गंदगी के कारण गांव में मच्छर और दुर्गन्ध बढ़ गई है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामवासियों में ननकू लाल, सुंदर लाल सोनकर, मुकेश कुमार, कमली देवी, रमेश कुमार, रामू, जसवंत लाल, रामकुमार रीना रेशमा,रेखा,सहित समस्त ग्रामवासियों ने उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर को पत्र देकर मांग की है कि तुरंत जलनिकासी कराई जाए, नाले की सफाई व क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
