बेलरायां-खीरी,17 जून(तरुणमित्र)। दुधवा नेशनल पार्क के बफर जोन अंतर्गत लुधौरी वन रेंज के ग्राम ऐली के निकट वन क्षेत्र में शीशम के चार हरे-भरे पेड़ों के कटान का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना अनुमति के पेड़ों की कटाई की गई, जिससे वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संरक्षित वन क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे वन विभाग की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले की जानकारी लेने के लिए लुधौरी रेंज के रेंजर मोबीन आरिफ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया और न ही कोई प्रतिक्रिया दी।
वन क्षेत्र में हरे पेड़ों के अवैध कटान को लेकर ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखने वाली बात यह होगी कि वन विभाग इस प्रकरण में क्या कार्रवाई करता है और अवैध कटान में शामिल लोगों पर कब तक शिकंजा कसता है।