शिक्षा विभाग में एरियर घोटाले में अमेठी समेत पांच जिलों में 15 ठिकानों पर सीबीआई का छापा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के वित्त एवं लेखा अनुभाग में शिक्षकों के वेतन और एरियर भुगतान के नाम पर छह करोड़ रुपये से अधिक के चर्चित घोटाले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है। इस मामले में सीबीआई की टीम ने अमेठी के अलावा लखनऊ, अयोध्या, प्रतापगढ़, कुशीनगर जिलों के 15 ठिकानों पर एक साथ छापामारा, जिनमें अमेठी के आठ स्थान शामिल हैं। कार्रवाई से शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।
इस मामले में वित्त एवं लेखा कार्यालय के कनिष्ठ लिपिक मनोज कुमार मालवीय को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। आरोप है कि उन्होंने कुछ आउटसोर्सिंग कर्मियों और शिक्षकों के साथ मिलकर फर्जी भुगतान दिखाकर सरकारी धन का गबन किया। जांच में शिवम कुमार पांडेय, अभिषेक सिंह, श्रवण कुमार द्विवेदी और शैलेश चंद्र शुक्ला के खातों में बड़ी रकम स्थानांतरित होने की बात सामने आई थी। घोटाले के खुलासे के बाद संबंधित आउटसोर्सिंग कर्मियों को सेवा से हटाया गया था, जबकि दो शिक्षकों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई थी। बाद में उन्हें हाईकोर्ट से राहत मिली। सीबीआई के अधिकारी संबंधितों के आवासों, कार्यालय और अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड, कंप्यूटर और वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रही है।
बेसिक शिक्षा परिषद के वित्त एवं लेखाधिकारी किशन गुप्ता ने बताया कि मामला लगभग डेढ़ वर्ष पुराना है। वेतन और एरियर मद में धनराशि के गबन की आशंका पर उन्हाेंने स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक शिकायत के समय गबन की वास्तविक राशि का अनुमान नहीं था, लेकिन खातों की विस्तृत जांच में छह करोड़ रुपये से अधिक की अनियमितता सामने आई। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की दिशा में काम चल रहा है। सीबीआई बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
