बिजली विभाग की हेल्पडेस्क पर एक माह से लटका ताला, उपभोक्ता परेशान
मोहनलालगंज। राजधानी में बिजली विभाग की वर्टिकल व्यवस्था लागू होने के बाद उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बनाई गई हेल्पडेस्क मोहनलालगंज में खुद ही मदद से महरूम हो गई है। अधिशासी अभियंता एलटी 11 केवी काकोरी कार्यालय परिसर में संचालित हेल्पडेस्क पर पिछले एक माह से ताला लटका है। ऐसे में नए बिजली कनेक्शन, नामांतरण, मीटर खराबी, बिल संशोधन और लोड बढ़ाने जैसी शिकायतें लेकर पहुंच रहे उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।

वर्टिकल सिस्टम लागू होने के बाद उपभोक्ताओं की शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर अधिशासी अभियंता (पीआर एडमिन) कार्यालय भेजने के लिए इस हेल्पडेस्क की स्थापना की गई थी। यहां दर्ज शिकायतों का निस्तारण संबंधित विद्युत खंड के अधिकारियों द्वारा 1912 पोर्टल के माध्यम से किया जाता था। लेकिन कुछ माह पहले यहां तैनात कार्यकारी सहायक का गैर जनपद तबादला कर दिया गया। इसके बाद मई माह में हेल्पडेस्क पर तैनात एकमात्र ऑपरेटर को भी हटा दिया गया।
लिहाजा एक जून से हेल्पडेस्क बंद पड़ी है। सोमवार को नामांतरण की शिकायत लेकर पहुंचे सुरेश कुमार, लोड बढ़ाने आए मनीष, मीटर बदलवाने पहुंचे देवसरन तथा गलत बिजली बिल की शिकायत लेकर आए रामू समेत कई उपभोक्ताओं को हेल्पडेस्क बंद मिलने पर बिना शिकायत दर्ज कराए ही वापस लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि सुविधा के नाम पर हेल्पडेस्क बनाई गई।
लेकिन कर्मचारियों की तैनाती न होने से इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। हालांकि अमौसी जोन के मुख्य अभियंता रामकुमार का कहना है कि सभी हेल्पडेस्क संचालित हैं और उपभोक्ताओं की शिकायतें नियमित रूप से दर्ज कर निस्तारण के लिए भेजी जा रही हैं। उन्होंने किसी भी हेल्पडेस्क पर तालाबंदी से इनकार किया है। वहीं मौके की स्थिति अधिकारियों के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
