फर्रुखाबाद : लीकेज सिलेंडर से लगी आग,दूल्हे की बहन झुलसी, लाखों का सामान जलकर राख
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में थाना राजेपुर के कस्बे में सोमवार दोपहर बारात की तैयारियों के बीच एक घर में गैस सिलेंडर लीकेज होने से भीषण आग लग गई।
हादसे में दूल्हे की बहन अनीता झुलस गईं, जबकि घर में रखा करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से विवाह वाले घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कस्बा राजेपुर तिराहा निवासी घनश्याम पुत्र सेवाराम की बारात मंगलवार को जनपद लखीमपुर खीरी जानी थी। साेमवार काे दोपहर करीब 2 बजे घर में विवाह से जुड़ी तेल की रस्म चल रही थी और रिश्तेदार और परिजन गैस सिलेंडर पर भोजन तैयार कर रहे थे।
तभी अचानक गैस रिसाव होने से आग भड़क उठी। आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सभी लोग जान बचाकर बाहर भागे, लेकिन इस दौरान घनश्याम की बहन अनीता आग की चपेट में आकर झुलस गईं।
परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित घनश्याम ने बताया कि आग में करीब पांच मोबाइल फोन सहित घरेलू सामान जल गया, जिससे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। डायल-112 काे सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि आग से काेई जनहानि नहीं हुई है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
