महिला की निर्मम हत्या का खुलासा: शव के टुकड़े फेंकने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
जौनपुर। उप्र के जौनपुर में रविवार को मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव के टुकड़े अलग-अलग स्थानों पर फेंकने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 14 घंटे में खुलासा कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में मड़ियाहूं पुलिस ने रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42) को गिरफ्तार कर लिया।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।इस मामले में सोमवार को जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने बताया कि रविवार को रानीपुर बाईपास के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर रामनगर ब्लॉक गेट के पास घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया और गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 4 जुलाई को मृतका रेशमा खां उर्फ सना को बाबतपुर (वाराणसी) से अपने किराए के कमरे पर लेकर आया था। मोबाइल चैट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।
पहचान छिपाने और शव ठिकाने लगाने के उद्देश्य से उसने गड़ासे से शव के हाथ-पैर काटकर तीन हिस्सों में बांट दिया। धड़ रानीपुर बाईपास के पास फेंक दिया, जबकि अन्य अंग रामनगर ब्लॉक मोड़ के आगे पुलिया के पास फेंक दिए।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव के अन्य अंग, हत्या में प्रयुक्त चाकू व गड़ासा, .32 बोर की पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
