शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
संपूर्ण समाधान दिवस में मिले 89 शिकायती पत्र ,मौके पर 19 का निस्तारण
बस्ती - जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हर्रैया तहसील सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।उन्होने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी फरियादी अपनी समस्या के समाधान की अपेक्षा से ही सरकारी कार्यालयों में आता है, इसलिए जनता की समस्याओं का समाधान करना सभी अधिकारियों की सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर नहीं हो सका है, संबंधित विभाग के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही जन-शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए पुलिस से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुनें तथा थाने पर आने से सहजता से बात करें। उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी ने बताया कि तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 89 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से मौके पर 19 का निस्तारण हुआ। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 26, पुलिस विभाग से 12, विद्युत विभाग से 05, विकास विभाग से 10, पूर्ति विभाग से 32 तथा अन्य 04 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
इस अवसर पर सीएमओ डा. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनन्द कुमार गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी रश्मि यादव, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीपीआरओ धनश्याम सागर, डीएचओ अरूण त्रिपाठी, सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह, पशुचिकित्साधिकारी डा. ए.के. गुप्ता, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
