राहुल गांधी मामले में सुनवाई टली,अब 18 जुलाई को होगी सुनवाई
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एमपी -एमएलए कोर्ट में अब 18 जुलाई को सुनवाई होगी। दरअसल राहुल गांधी की वास्तविक आवाज और आरोप के तहत जमा की गई सीडी की आवाज के विधि विज्ञान प्रयोगशाला में मिलान को लेकर रिवीजन कोर्ट में बहस पूरी हो चुकी है, और 15 जुलाई को उसमें आदेश भी आना है। इसी के चलते आज मूल मुकदमें में सुनवाई टल गई।
श्री गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने सोमवार को बताया कि यदि सत्र न्यायालय रिवीजन याचिका को खारिज कर देता है और वादी पक्ष हाईकोर्ट का रुख करता है, तब भी पत्रावली सत्र न्यायालय में होने के कारण मूल मामले की सुनवाई टल सकती है।
भाजपा नेता विजय मिश्र के अधिवक्ता ने निचली अदालत के एक आदेश के खिलाफ 21 मई को सत्र न्यायालय (सेशन कोर्ट) में निगरानी याचिका (रिवीजन) दाखिल की है। इसमें साक्ष्य के तौर पर वाइस सैंपल लेने की उनकी मांग खारिज कर दी गई थी।
यह निगरानी याचिका वर्तमान में एडीजे पंचम की अदालत में विचाराधीन है। 30 जून को इस मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने 15 जुलाई को फैसले की तारीख तय की है।
सुनवाई के दौरान वादी पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान की जमा की गई सीडी की आवाज और उनकी वास्तविक आवाज का विधि विज्ञान प्रयोगशाला से मिलान करवाने का अनुरोध किया था। निचली अदालत ने इस अनुरोध को खारिज कर दिया था, जिसके बाद विजय मिश्रा के अधिवक्ता ने एडीजे-5 की कोर्ट में रिवीजन याचिका दाखिल की थी।
यह मामला 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता में तत्कालीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ एक बयान दिया था। इसी बयान से आहत होकर सुल्तानपुर के भाजपा नेता विजय मिश्रा ने दीवानी न्यायालय में परिवाद दाखिल किया था।
कोर्ट ने इसे स्वीकार करते हुए मुकदमा चलाने का आदेश दिया। राहुल गांधी ने इस मामले में 20 फरवरी 2024 को अपनी जमानत करवाई थी और 26 जुलाई 2024 को अपना बयान भी दर्ज करा चुके हैं। आखिरी बार राहुल 20 फरवरी 2026 को कोर्ट आए थे।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
