कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश पुलिस की जनसेवा, संवेदनशीलता एवं जन विश्वास निर्माण की नीति के अंतर्गत आज दिनांक 06.07.2026 को थाना महुली की कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं मोहल्लों का भ्रमण कर वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों से मुलाकात की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने उनके घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट के पुलिसकर्मियों द्वारा वृद्ध एवं दिव्यांग नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पेंशन योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, सहायता कार्यक्रमों तथा सुरक्षा संबंधी उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया गया।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का इस प्रकार उनके बीच पहुंचना न केवल सुरक्षा का एहसास कराता है, बल्कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों में विश्वास एवं आत्मबल को भी सुदृढ़ करता है।
थाना महुली पुलिस का मानना है कि पुलिसिंग केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ संवेदनशील संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रयास करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कम्युनिटी पुलिसिंग का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं जनता के मध्य विश्वास, सहयोग एवं आत्मीयता को मजबूत करना है, जिससे एक सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
