कांग्रेस का बड़ा ऐलान: एनएसयूआई में चुनाव बहाल, बनेगा एजुकेशन चार्टर
राहुल गांधी छात्रों से संवाद के बाद तैयार करेगी शिक्षा सुधार का रोडमैप
नई दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को एनएसयूआई चुनावों की बहाली की घोषणा की। राज्यवार सदस्यता अभियान से इसकी शुरुआत होगी और तकनीक आधारित पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए कॉलेज से लेकर राज्य स्तर तक संगठनात्मक चुनाव कराए जाएंगे।
कांग्रेस नेता और एनएसयूआई दिल्ली प्रभारी कन्हैया कुमार, एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की किरण मुगाबसव और कांग्रेस के डिजिटल विभाग के राष्ट्रीय संयोजक के.के. शास्त्री ने सोमवार को संयु्क्त पत्रकार वार्ता कर इसकी घोषणा की।
कन्हैया कुमार ने कहा कि नीट पर्चा लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए और पेपर लीक माफिया से उनके कथित संबंधों की जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देश की शिक्षा व्यवस्था को ‘आईसीयू’ में पहुंचा दिया है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देशभर के छात्रों से मिल रहे हैं और उनकी बात सुन रहे हैं ताकि शिक्षा व्यवस्था में परिवर्तन लाया जा सके।
कन्हैया कुमार ने कहा कि कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और पेपर लीक माफिया से उनके संबंधों की जांच, शिक्षा व्यवस्था में बदलाव जिसके लिए यूपीए सरकार ने कमेटी बनाई थी लेकिन एनडीए सरकार ने मनमाने तरीके से एनटीए का गठन कर दिया और युवाओं के लिए नियमित जॉब कैलेंडर तथा परीक्षा भर्ती प्रक्रियाओं के लिए एक अकादमिक कैलेंडर जारी किया जाए।
इसी उद्देश्य से राहुल गांधी ने कोटा में छात्रों और अभिभावकों के बीच एक प्रजेंटेशन दिया था और अब इस मुहिम को देश के अलग-अलग हिस्सों में आगे बढ़ाया जा रहा है। छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के सुझावों को संकलित कर कांग्रेस आने वाले दिनों में एक एजुकेशन चार्टर पेश करेगी। एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि एनएसयूआई ने संगठनात्मक चुनाव की शुरूआत की है और हर कैंपस में चुनाव के माध्यम से अपनी यूनिट बनाएगी ताकि छात्रों को आवाज उठाने का मौका मिल सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
