मिशन शक्ति के तहत लगी चौपाल, महिलाओं व बालिकाओं को बताए अधिकार
देवती गांव की चौपाल में महिलाओं ने सीखे सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के तरीके
सिराज, मोहनलालगंज संवाददाता
मोहनलालगंज। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत रविवार को नगराम पुलिस ने देवती गांव में चौपाल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। चौपाल में महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमा शंकर एवं साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अल्पा कटियार ने चौपाल में मौजूद महिलाओं, बालिकाओं एवं ग्रामीणों को महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस हेल्पलाइन 112, 181 और 1076 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।पुलिस अधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा केंद्र, महिला हेल्प डेस्क तथा यूपी कॉप एप के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। ऑनलाइन ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर चुप न रहने और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने भी पुलिस अधिकारियों से महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराध से संबंधित सवाल पूंछे जिनका अधिकारियों ने समाधान बताया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब 03 वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट एडिटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
