आईआईटी की सहायक प्रोफेसर की शिकायत पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कानपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के संज्ञानात्मक विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. अन्वेषणा श्रीवास्तव की शिकायत पर कल्याणपुर थाना पुलिस ने बुधवार को उनके पति निशीष श्रीवास्तव के खिलाफ घरेलू हिंसा, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डॉ. अन्वेषणा श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के समर्थन में उन्होंने कुछ दस्तावेज, फोटोग्राफ और पूर्व में अधिकारियों को भेजी गई शिकायतों का भी उल्लेख किया है।
शिकायत के आधार पर कल्याणपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक इंद्र कुमार को सौंपी गई है और पुलिस साक्ष्यों का संकलन कर रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि महिला प्रोफेसर की तहरीर पर उनके पति के विरुद्ध घरेलू हिंसा से संबंधित अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण की विवेचना की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
