लखीमपुर-खीरी,16 जुलाई(तरुणमित्र)। औरैया जिले में यमुना नदी में छलांग लगाने वाले लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी कस्बा निवासी डॉक्टर सौरभ बाजपेई का शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है। डॉक्टर सौरभ ने नदी में छलांग लगाने से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। डॉक्टर सौरभ बाजपेई मोहम्मदी कस्बे के मोहल्ला बाजार खुर्द शुक्लापुर के निवासी थे और औरैया के एक अस्पताल में कार्यरत थे।
बुधवार दोपहर करीब तीन बजे घटना की सूचना मिलते ही उनके माता-पिता, पत्नी, भाई शरद बाजपेई सहित अन्य परिजन औरैया के लिए रवाना हो गए थे। आपको बता दें कि डॉक्टर सौरभ एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से संबंध रखते थे। उनके परिवार का क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रहा है। उनके बाबा शिवप्रसाद बाजपेई की पत्नी पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुकी थीं। वहीं भगवान दास बाजपेई कई बार ब्लॉक प्रमुख रहे और वर्तमान में उनके पुत्र महेंद्र कुमार बाजपेई ब्लॉक प्रमुख हैं।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। डॉक्टर सौरभ अपने पीछे पत्नी रूबी और पांच वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी रूबी सिसोरा निकूम गांव की रहने वाली हैं। पड़ोसी संतोष देवल ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें वायरल वीडियो के माध्यम से मिली, जबकि आशीष त्रिवेदी ने इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना बताया। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, घटनाक्रम और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत से जुड़े सभी पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।