बहू–बेटी सम्मेलन हेतु ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित
पुलिस एवं यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से हुआ आयोजन
संत कबीर नगर, अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन* के निर्देशन पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र बस्ती संजीव त्यागी,* जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार* तथा पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति 5.0 द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित बहू–बेटी सम्मेलन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन पुलिस विभाग एवं यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से आज दिनांक 15.07.2026 को विकास खंड पौली सभागार में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक किया गया।
कार्यशाला में विकास खंड पौली, हैंसर बाजार एवं नाथनगर से पुलिस विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के कुल 30 नामित प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ उप जिलाधिकारी धनघटा रविकांत चौबे* एवं क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय नाथ मिश्रा* द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बहू–बेटी सम्मेलन महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक सोच विकसित करने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने तथा हिंसा की रोकथाम के लिए एक महत्वपूर्ण सामुदायिक पहल है।
कार्यशाला का उद्देश्य ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों की क्षमता का विकास करना है, ताकि वे अपने-अपने विकास खंडों में ग्राम स्तरीय सुगमकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर सकें। प्रशिक्षण के उपरांत ग्राम स्तरीय सुगमकर्ता प्रत्येक ग्राम पंचायत में 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के साथ छह सप्ताह तक छह विषयगत सत्र आयोजित करेंगे। इन सत्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मानजनक संबंध, लैंगिक समानता, साइबर सुरक्षा, घरेलू हिंसा की रोकथाम तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के संबंध में सामुदायिक जागरूकता एवं संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को बहू–बेटी सम्मेलन की अवधारणा, संचालन प्रक्रिया तथा ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर उनकी भूमिका से अवगत कराया गया। साथ ही प्रभावी संवाद, सक्रिय श्रवण, सही प्रश्न पूछने की तकनीक तथा समुदाय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का अभ्यास समूह चर्चा, रोल प्ले, केस स्टडी एवं अन्य सहभागी गतिविधियों के माध्यम से कराया गया। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों की समझ का मूल्यांकन करते हुए आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
यूनिसेफ के मंडलीय बाल संरक्षण सलाहकार राजेश कुमार सैनी ने बहू–बेटी सम्मेलन की अवधारणा, प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं कैस्केड प्रशिक्षण मॉडल पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करना, उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हिंसा की रोकथाम के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यशाला में मास्टर प्रशिक्षक स्वीटी मंडल, मोनिका शुक्ला, पूनम मौर्य एवं श्री पवन कुमार लाल ने विभिन्न विषयों पर सहभागी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया तथा सभी ने अपने-अपने विकास खंडों में बहू–बेटी सम्मेलन का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
