गुलमोहर एन्क्लेव में फिर आया काला और गंदा पानी
निवासियों ने आरडब्ल्यूए पर शिकायतों की अनदेखी का लगाया आरोप, अधिकारियों से जांच की मांग
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में पानी की समस्या एक बार फिर सामने आई है। C-1 टावर के फ्लैट नंबर 102 की निवासी नमिता गुप्ता पत्नी शशांक गुप्ता ने सोसायटी के ग्रुप में पानी की तस्वीरें साझा करते हुए शिकायत की है। तस्वीरों में फ्रेश वाटर की टंकी में से काला और गंदा पानी दिखाई दे रहा है।
वहीं, सोसायटी निवासी अनूप चौहान ने भी ग्रुप में काले पानी का वीडियो साझा कर शिकायत की है। लगातार अलग-अलग निवासियों द्वारा काले और गंदे पानी की शिकायत किए जाने से सोसायटी में पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई
निवासियों का आरोप है कि पानी की समस्या को लेकर आरडब्ल्यूए से कई बार शिकायत की गई, लेकिन शिकायतों पर न तो गंभीरता से सुनवाई होती है और न ही निवासियों को कोई स्पष्ट जानकारी दी जाती है।
सोसायटी निवासी गौरव बंसल का कहना है कि उन्होंने भी पानी की समस्या को लेकर सचिव से कई बार शिकायत की, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई संतोषजनक जवाब या कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि जब सोसायटी के निवासी अपनी मूलभूत समस्या लेकर आरडब्ल्यूए के जिम्मेदार पदाधिकारियों के पास जाते हैं और वहां से कोई सुनवाई नहीं होती, तो उन्हें मजबूर होकर संबंधित सरकारी विभागों में शिकायत करनी पड़ती है।
इससे पहले गौरव बंसल ने सोसायटी में गंदे पानी और 750 से अधिक टीडीएस वाले पानी की शिकायत जिलाधिकारी, नगर निगम और 311 एप के माध्यम से की थी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग में भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद विभाग द्वारा पानी के विभिन्न जगह से सैंपल लिए गए थे।
गौरव बंसल के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट में पानी को पीने योग्य नहीं बताया गया था।
उन्होंने पानी की समस्या को लेकर एक्स हैंडल, मुख्यमंत्री पोर्टल और नगर निगम के 311 एप पर भी शिकायत दर्ज कराई है।
गौरव बंसल ने बताया कि सोमवार को जिलाधिकारी तथा नगर निगम में मेयर और नगर आयुक्त से मिलकर पानी की समस्या की शिकायत की जाएगी।
उन्होंने मांग की कि पानी की टंकियों की तत्काल सफाई कराई जाए, पानी की गुणवत्ता की दोबारा जांच कराई जाए और काला एवं गंदा पानी आने के कारणों का पता लगाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर निवासियों की शिकायतों को अनसुना करना गंभीर विषय है। आरडब्ल्यूए को शिकायतों पर जवाब देने के साथ-साथ समस्या के समाधान की जानकारी भी निवासियों को देनी चाहिए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
