शहीद पथ पर डबल डेकर बस में लगी आग, मचा हड़कंप
गोरखपुर से गुजरात जा रही बस में सवार थे 30 यात्री, सभी सुरक्षित
पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शहीद पथ पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मेदांता हॉस्पिटल के सामने गोरखपुर से गुजरात जा रही डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। चलते समय बस के एक टायर में आग लगने के बाद देखते ही देखते लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।
यह घटना थाना सुशान्त गोल्फ सिटी क्षेत्र में शहीद पथ पर मेदांता हॉस्पिटल के सामने हुई। पुलिस के मुताबिक, डबल डेकर बस संख्या NL07 B0574 गोरखपुर से गुजरात की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
टायर में आग लगने के बाद बस बनी आग का गोला
प्रथम दृष्टया बस चालक ने पुलिस को बताया कि बस के चलते समय अचानक एक टायर में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही समय में बस के अन्य हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि, यात्रियों को समय रहते बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के अनुसार बस में सवार सभी 30 यात्री सुरक्षित हैं। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के सामान के जलने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईंगंज और थाना प्रभारी सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस और दमकल कर्मियों ने तत्परता से संयुक्त कार्रवाई करते हुए बस में लगी आग पर काबू पा लिया। आग बुझाए जाने के बाद घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया और यात्रियों की स्थिति की जानकारी ली गई।
सुरक्षा के मद्देनजर शहीद पथ पर ट्रैफिक डायवर्ट
अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि यातायात की सुगम व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिगत शहीद पथ पर यातायात को डायवर्ट किया गया है। घटनास्थल पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बस में आग लगने के कारण शहीद पथ पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालने की व्यवस्था की, ताकि घटनास्थल के आसपास जाम की स्थिति न बने और किसी अन्य हादसे की आशंका को रोका जा सके।
कोई जनहानि नहीं, स्थिति नियंत्रण में
पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। बस में सवार सभी 30 यात्री सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जानकारी में टायर में आग लगना हादसे की वजह सामने आई है। आग लगने के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने के साथ ही मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
