पश्चिम बंगाल में आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय रहने के कारण रविवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
दक्षिण बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पुरुलिया समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है।
उत्तर बंगाल में बारिश का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने का अनुमान है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, मालदा तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
कोलकाता और आसपास के इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अधिक आर्द्रता के कारण बारिश के बीच उमस का असर भी बना रह सकता है।मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं और मौसमी परिस्थितियों के कारण राज्य में बारिश का दौर जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
