शिक्षक दिवस पर सपा ने लगायी 'पीडीए पाठशाला'
लखनऊ। शिक्षक दिवस 5 सितम्बर पर शनिवार को समाजवादी पार्टी ने प्रदेशभर में 'पाठशाला पुकारे' अभियान चलाया। सपा चीफ एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर समाजवादी पार्टी ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में पीडीए पाठशाला का आयोजन किया।अभियान के जरिए समाजवादी पार्टी ने शिक्षा के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेरने की कोशिश की। सपा का आरोप है कि बीजेपी सरकार में करीब 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं।
समाजवादी पार्टी ने इन्हीं स्कूलों को लेकर शिक्षक दिवस पर 'पाठशाला पुकारे' कार्यक्रम आयोजित किया। सपा ने इस अभियान का नारा 'बंद स्कूल खुलेगा तो पीडीए पढ़ेगा' रखा है। लखनऊ के गोमती नगर इलाके में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने एक गरीब बस्ती में पीडीए पाठशाला लगाई। उन्होंने बच्चों को पढ़ाया और बच्चों को स्कूली बैग और खाने-पीने की सामग्री भी वितरित की गई। फखरुल हसन चांद ने कहा कि कल से समाजवादी पार्टी का कोई न कोई कार्यकर्ता रोजाना इस बस्ती में पहुंचकर एक घंटे बच्चों को पढ़ाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि गरीब बस्ती के बच्चों को पढ़ाई से जोड़ा जाए 'पाठशाला पुकारे' कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश देना है। शिक्षा के जरिए शोषित, वंचित और गरीब वर्गों में सामाजिक और राजनीतिक चेतना बढ़ेगी।सपा का दावा है कि शिक्षा ही भेदभाव को खत्म करने, बराबरी और सामाजिक न्याय की दिशा में आगे बढ़ने का सबसे मजबूत माध्यम है पार्टी ने इसी विचार के साथ शिक्षक दिवस पर प्रदेशभर में पीडीए पाठशाला का आयोजन किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
