बिजनौर में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पहले ही दिन 11 वाहन सीज, 79 के कटे चालान
मोडिफाइड साइलेंसर, बिना परमिट और HSRP वाहनों पर कसा शिकंजा
रामनाथ सिंह
बिजनौर। यातायात पुलिस बिजनौर ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। यातायात निदेशालय लखनऊ के निर्देश पर जिले में दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले ही दिन पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों को सीज किया और 79 वाहनों के चालान काटे।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के निर्देशन में तथा यातायात प्रभारी तेजपाल सिंह के नेतृत्व में जिले के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर चलाया गया। अचानक हुई सघन चेकिंग से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के सड़क पर दौड़ रहे दो डम्परों को सीज कर दिया गया। वहीं बिना रूट परमिट यात्रियों को ढो रही एक बस पर भी कार्रवाई करते हुए उसे जब्त कर सीज किया गया।यातायात पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मोडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर भी शिकंजा कसा। सड़क पर शोर-शराबा और हुड़दंग मचाने वाले ऐसे 8 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया, जबकि 14 अन्य वाहनों के चालान किए गए।
सरकार के निर्देशों के बावजूद बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के चल रहे वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। इस दौरान 38 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 27 वाहन चालकों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
टीएसआई तेजपाल सिंह ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों के दस्तावेज पूरे रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनते हैं। यातायात पुलिस की इस सख्ती के बाद जिले में नियम तोड़ने वालों में खलबली मची हुई है, जबकि आम लोगों ने इस अभियान का स्वागत करते हुए इसे सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
