त्योहारों से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बरामद
आबकारी विभाग के निर्देश पर चला निरीक्षण और रात्रिकालीन चेकिंग अभियान
- 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, जबकि 50 किलोग्राम लहन नष्ट
लखनऊ। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। शासन एवं आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लखनऊ में विभिन्न टीमों ने दबिश, निरीक्षण और रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 मलिहाबाद अखिलेश चौधरी ने स्टाफ और रहीमाबाद पुलिस के साथ ग्राम औलियाखेड़ा एवं आसपास के संदिग्ध स्थलों और बागों में संयुक्त दबिश दी। कार्रवाई के दौरान करीब 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि करीब 50 किलोग्राम लहन मौके पर नष्ट किया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

वहीं आबकारी निरीक्षक सेक्टर-10 नेहा कुमारी ने किशोरगंज, न्यू पारा रोड, लक्ष्मण विहार पारा रोड स्थित देशी शराब की दुकानों तथा पारा रोड स्थित कंपोजिट शॉप का आकस्मिक निरीक्षण किया। आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4 अरविंद पाल बघेल ने बार अनुज्ञापनों का निरीक्षण किया।

इसके अलावा आबकारी निरीक्षक सेक्टर-11 राहुल सिंह एवं क्षेत्र-3 के आबकारी निरीक्षक राम श्याम त्रिपाठी ने स्टाफ के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रात्रिकालीन रोड चेकिंग अभियान चलाया। विभाग ने त्योहारों के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान जारी रखने की बात कही।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब 03 वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट एडिटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
