सीएम आवास के पास पीड़ित महिला टावर पर चढ़ी, काटा हंगामा
पड़ोसी ने प्लाट पर किया कब्जा, सुनवाई न होने पर उठाया कदम
- बोली तुलसा, जब कार्रवाई की बात करती हूं तो मिलती है धमकी
- पुलिस टीम के आश्वासन पर नीचे उतरी महिला, फिर बताई आपबीती
लखनऊ। सोमवार सीएम आवास के पास गौतमपल्ली थाना इलाके में आगरा से आई महिला पार्क रोड स्थित ऊंचे टावर पर चढ़ गई। उसकी पहचान तुलसा के रूप में हुई है। महिला को टावर पर देखकर आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। इससे मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। शुरूआती जानकारी के मुताबिक, तुलसा का आरोप है कि पड़ोसी ने उसके प्लॉट पर कब्जा कर रखा है। जमीन के विवाद को लेकर उसने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी।
महिला का कहना है कि शिकायत के बाद भी उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए वह लखनऊ पहुंची और मुख्यमंत्री आवास के पास टावर पर चढ़ गई। हालांकि, जमीन पर कब्जे के उसके आरोपों की अभी प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए समझाया। साथ ही, आसपास मौजूद लोगों को दूर किया गया, ताकि बचाव में कोई परेशानी न हो। काफी देर बातचीत के बाद महिला पुलिस के आश्वासन पर नीचे उतर आई। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसकी शिकायत के संबंध में जानकारी ली।
तुलसा का कहना है कि मेरी डेढ़ बीघा जमीन पर मान सिंह नाम के व्यक्ति ने कब्जा कर रखा है। जब मैं इस पर कार्रवाई की बात करती हूं, तो मुझे जान से मारने की धमकी देता है इसी मामले की कार्रवाई को लेकर मैं लखनऊ आई हूं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब 03 वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट एडिटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
