टोल प्लाजा पर बड़ा एक्शन : ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चला सघन चेकिंग अभियान
बस्ती - यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी आदेशों के क्रम में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद बस्ती में शनिवार और रविवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के आदेश व अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशा-निर्देश में, क्षेत्राधिकारी (सीओ) यातायात कुलदीप यादव के कुशल पर्यवेक्षण तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में संचालित किया गया।
इस दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीमों ने जनपद के मड़वानगर टोल प्लाजा सहित विभिन्न टोल टैक्स बूथों पर सघन चेकिंग लगाए। अभियान के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित गंभीर यातायात उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई की गई:
ड्रिंक एंड ड्राइव (शराब पीकर वाहन चलाना): टोल टैक्स से गुजरने वाले संदिग्ध चालकों की ब्रीथ एनालाइज़र मशीन के माध्यम से जांच की गई। नशे की हालत में वाहन चलाकर खुद और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले चालकों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की गई
प्रेशर हॉर्न व मॉडिफाइड साइलेंसर: ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और नियमों के विरुद्ध लगाए गए प्रेशर हॉर्न को मौके पर ही उतरवाया गया तथा संबंधित वाहनों का चालान काटा गया। तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग): दोपहिया वाहनों पर क्षमता से अधिक यानी तीन सवारी बैठाकर चलने वाले चालकों के खिलाफ बड़े पैमाने पर चालानी कार्रवाई की गई।
सीट बेल्ट व हेलमेट का प्रयोग: चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट न लगाने वाले चालकों और सह-यात्रियों तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
