जमीन के विवाद में भांजे ने मामा को जिंदा जलाकर मार डाला, सीसीटीवी फुटेज से खुला सनसनीखेज हत्याकांड
झांसी। झांसी के मऊरानीपुर के लहचूरा थाना क्षेत्र के धमना पायक गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। जमीन के विवाद और लगातार टोका-टाकी से नाराज भांजे ने अपने 69 वर्षीय मामा का अपहरण कर साले और एक अन्य साथी के साथ मिलकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया, फिर सिर पर पत्थर से हमला किया और जब बुजुर्ग की सांसें चलती रहीं तो कार से पेट्रोल निकालकर उन्हें जिंदा आग के हवाले कर दिया। इसके बाद शव को मध्य प्रदेश के जंगल में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रीतम और उसके साले गोलू को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी अनुज की तलाश जारी है।
मामले का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी रत्नेश कुमार ने बताया कि मूल रूप से दिदवारा गांव निवासी नेपाल सिंह पिछले लगभग 30 वर्षों से धमना पायक गांव में रह रहे थे। उन्होंने विवाह नहीं किया था और अपनी संपत्ति भांजे प्रीतम, बहन सुधा देवी और बहनोई के नाम कर दी थी। प्रीतम के हिस्से में आई करीब 30 बीघा जमीन वह पहले ही बेच चुका था। इसके बाद वह अपनी मां के हिस्से की जमीन भी बेचना चाहता था, लेकिन नेपाल सिंह इसका विरोध करते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
ये खबर भी पढ़े : राम मंदिर की सुरक्षा राष्ट्रपति भवन जैसी हो, पूरी अयोध्या को बैरियर से घेरना ठीक नहीं : बृजभूषण शरण सिंहपुलिस के अनुसार, प्रीतम मामा की रोक-टोक से इतना नाराज था कि उसने 27 जून को अपने बड़े मामा वीर सिंह को फोन कर धमकी दी थी कि यदि नेपाल सिंह उसके घर से नहीं गए तो वह दो दिन के भीतर उनकी हत्या कर देगा।
सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज
29 जून की तड़के नेपाल सिंह अचानक लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने लहचूरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। थाना प्रभारी सरिता मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर प्रीतम अपनी कार में नेपाल सिंह को ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित रूप से पूरी वारदात कबूल कर ली।
पहले गला घोंटा, फिर पत्थर से वार, आखिर में जिंदा जलाया
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नेपाल सिंह को करारा गंज गांव ले गया, जहां पहले से उसका साला गोलू और साथी अनुज मौजूद थे। तीनों ने मिलकर नेपाल सिंह का गला घोंटने की कोशिश की, लेकिन जब उनकी मौत नहीं हुई तो सिर पर बड़े पत्थर से वार किया, जिससे उनका एक दांत टूट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद जब उनकी सांसें चलती रहीं तो आरोपियों ने कार से पेट्रोल निकालकर उनके ऊपर छिड़क दिया और आग लगा दी। शव को जंगल में फेंककर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कार बरामद
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी प्रीतम और उसके साले गोलू को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपी अनुज की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
