रामपुर के प्राचीन मां भीखर देवी मंदिर से अष्टधातु की प्रतिमा चोरी, श्रद्धालुओं में आक्रोश
पूजा के लिए पहुंचे पुजारी ने देखा गर्भगृह से प्रतिमा गायब
- ग्रामीणों के अनुसार प्रतिमा सैकड़ों वर्ष पुरानी
- पुलिस जांच में जुटी
जसपुरा/बांदा। थाना क्षेत्र के रामपुर गांव स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने मां भीखर देवी मंदिर से शनिवार-रविवार की रात अज्ञात चोर अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी कर ले गए।रविवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे पुजारी को गर्भगृह से प्रतिमा गायब मिली तो हड़कंप मच गया। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।
मां भीखर देवी सेवा ट्रस्ट के संरक्षक भजन सिंह ने बताया कि शनिवार रात चोर मंदिर के गर्भगृह में घुसकर अष्टधातु की प्रतिमा उठा ले गए। रविवार सुबह करीब चार बजे पुजारी नरेंद्र पांडेय नियमित पूजा के लिए पहुंचे तो प्रतिमा गायब मिली।उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और ट्रस्ट पदाधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार चोरी गई प्रतिमा सैकड़ों वर्ष पुरानी है और उसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
उनका कहना है कि कुछ समय पहले भी प्रतिमा चोरी करने का प्रयास किया गया था,लेकिन तब चोर सफल नहीं हो सके थे। इसके बावजूद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक ऋषि देव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।ट्रस्ट के संरक्षक भजन सिंह ने थाना जसपुरा में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई,प्रतिमा की शीघ्र बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
