पनकी धाम स्टेशन के कायाकल्प की खुशी में जनसेवा की पहल : रवि बाजपेयी
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्य समाज को जनसेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पनकी धाम रेलवे स्टेशन का बदला स्वरूप इसी विकास की पहचान है और उसी भावना से आमजन की सुविधा के लिए यह पहल की गई है। यह बातें उत्तर मध्य रेलवे की जोनल रेलवे यूजर कंसल्टेटिव कमेटी के सदस्य रवि बाजपेयी ने कहीं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पनकी धाम रेलवे स्टेशन के कायाकल्प और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होने की उल्लास में आज कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के अशोक नगर स्थित हनुमान मंदिर (पीपल वाला पार्क) परिसर में वॉटर कूलर का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के लिए दाल-बाटी के सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा के सक्रिय नेता रवि बाजपेयी ने बताया कि मंदिर परिसर में लगाए गए वॉटर कूलर से प्रतिदिन आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सामाजिक दायित्व का हिस्सा है और ऐसे कार्य समाज की सहभागिता से ही सफल होते हैं।
रवि बाजपेयी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण हुआ है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। पनकी धाम रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इसी विकास से प्रेरणा लेकर लोगों की सुविधा के लिए यह जनसेवा का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल विकास कार्यों की सराहना करना नहीं, बल्कि समाज के बीच रहकर लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सेवा कार्य करना भी है। इसी उद्देश्य से मंदिर परिसर में वॉटर कूलर स्थापित किया गया, जिससे गर्मी के मौसम में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान दाल-बाटी के सामूहिक भोज में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सामाजिक समरसता, जनसहभागिता और सेवा भावना को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। रवि बाजपेयी ने कहा कि भविष्य में भी कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़े ऐसे कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।कार्यक्रम में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
