जिला पंचायत ने 44 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को दिए नियुक्ति पत्र
कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने का आह्वान
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। प्रदेश के नवचयनित प्राविधिक सहायकों के लिए मंगलवार का दिन नई जिम्मेदारियों और नए संकल्प का रहा। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 1,600 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी क्रम में बिजनौर के कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में प्रशासक जिला पंचायत साकेन्द्र प्रताप सिंह एवं जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जनपद के 44 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं नवचयनित प्राविधिक सहायकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा आज देश ही नहीं, बल्कि जापान सहित विदेशों में भी रोजगार के अवसर प्राप्त कर अपना भविष्य संवार रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
.jpeg)
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं और इनके माध्यम से पेराई क्षेत्र के किसानों को अब तक 3 लाख 25 हजार करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कृषि विकास दर 8 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है और इसे और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लखनऊ में चौधरी चरण सिंह के नाम पर सीड पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इससे किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चीनी की मासिक खपत करीब चार लाख टन है, जबकि वर्तमान में 28 लाख टन चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है और नए पेराई सत्र के शुरू होने के बाद उत्पादन में और वृद्धि होगी।
इस अवसर पर प्रशासक जिला पंचायत साकेन्द्र प्रताप सिंह ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे कृषि क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें तथा किसानों के हित में कार्य करते हुए कृषि विकास को नई दिशा दें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को साकार करने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। नवचयनित कार्मिक अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान दें।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने भी नवचयनित प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे किसानों तक शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ पहुंचाने तथा विभागीय कार्यों को पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ संपादित करने की अपेक्षा की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा, जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नवचयनित प्राविधिक सहायक उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
