राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर महोबा में बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली
महोबा। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद में 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। अभियान के तहत सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के अलावा स्कूल न जाने वाले बच्चों को भी शामिल किया गया। नगर क्षेत्र स्थित मल्टीस्टोरी कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय, पुलिस लाइन में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।
डीईआईसी मैनेजर डॉ. अम्बुज गुप्ता ने अधिकारियों का स्वागत किया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी देते हुए नियमित स्वच्छता अपनाने की अपील की। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. व्ही.के. चौहान ने एल्बेंडाजोल की उपयोगिता के बारे में बताया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा ने बच्चों से व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा भोजन से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ धोने की अपील की।
इस दौरान डीईआईसी मैनेजर डॉ. अम्बुज गुप्ता, क्वालिटी सलाहकार डॉ. दिवाकर, शहरी स्वास्थ्य मिशन समन्वयक मनोज लाल, प्रधानाध्यापक मुहम्मद इरफान, एनडीडी जिला समन्वयक अभिषेक नामदेव, किशोर स्वास्थ्य काउंसलर राहुल, साथिया केंद्र की परामर्शदाता रजनी चौरसिया सहित विद्यालय स्टाफ ने बच्चों को दवा खिलाई। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया और फल व स्वल्पाहार वितरित किया गया। अभियान के दौरान किसी भी प्रतिकूल लक्षण के प्रबंधन के लिए सीएचसी, पीएचसी एवं आरबीएसके की मेडिकल टीमें सक्रिय रहीं। 10 अगस्त को दवा से वंचित बच्चों को 14 अगस्त को मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
नितिन नामदेव को पत्रकारिता क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है और वह उत्तर प्रदेश के महोबा क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। समाचार लेखन और रिपोर्टिंग में सक्रिय रहते हुए उन्होंने क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में कार्यरत हैं।
