जनपद में विभिन्न केंद्रों पर आधार नामांकन व अपडेट की सुविधा उपलब्ध
रामनाथ सिंह
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देशानुसार जनपदवासियों को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जा रही हैं। आधार अनुश्रवण समिति के संयोजक धर्मवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के विभिन्न सरकारी केंद्रों पर आधार नामांकन एवं अपडेट की सुविधा निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि कार्यालय खंड विकास अधिकारी (हल्दौर एवं नजीबाबाद को छोड़कर), तहसीलदार कार्यालय चांदपुर व नगीना, नगर पालिका परिषद नजीबाबाद, शेरकोट, बिजनौर तथा नगर पंचायत बढ़ापुर सहित ग्राम पंचायत अधिकारी कार्यालय ग्राम निजामतपुरा गंज (विकास खंड हल्दौर) में नागरिक आधार संबंधी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
जानकारी के अनुसार नया आधार नामांकन पूर्णतः निःशुल्क है। वहीं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार अपडेट भी बिना किसी शुल्क के किया जा रहा है। मोबाइल नंबर जोड़ने या अपडेट कराने के लिए 75 रुपये तथा बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आधार संबंधी कार्य केवल अधिकृत केंद्रों पर ही कराएं और निर्धारित शुल्क से अधिक भुगतान न करें। यदि कहीं अधिक धनराशि की मांग की जाती है तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि आधार एक महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज है, इसलिए समय-समय पर इसे अपडेट कराते रहना आवश्यक है, जिससे सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सुचारु रूप से मिल सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
