मायावती का गंभीर आरोप, 2027 से पहले बसपा को बदनाम करने की साजिश
स्टिंग विवाद पर गरजीं बसपा सुप्रीमो, विरोधियों पर लगाए गंभीर आरोप
बोलीं-उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया पारदर्शी, विरोधी फैला रहे भ्रम और अफवाहें
लखनऊ। कथित स्टिंग ऑपरेशन को लेकर उठे विवाद के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने इसे पार्टी और उसके नेतृत्व को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बसपा की बढ़ती सक्रियता और जनाधार से घबराए राजनीतिक विरोधी तथा मीडिया का एक वर्ग भ्रामक अभियान चला रहा है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में मायावती ने कहा कि बसपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों पर चलने वाली 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' की पार्टी है, जो बड़े पूंजीपतियों के सहारे नहीं, बल्कि अपने समर्थकों के सहयोग से संचालित होती है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि चुनाव नजदीक आते ही विरोधी ताकतें पार्टी और उसके नेतृत्व को बदनाम करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाती हैं।
मायावती ने कहा कि बसपा में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और बहुस्तरीय है। पार्टी के पदाधिकारी संभावित प्रत्याशियों की सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक क्षमता, आर्थिक स्थिति, पार्टी के प्रति निष्ठा तथा जनाधार का आकलन करने के लिए नियमित रूप से संवाद और स्क्रीनिंग करते हैं। इस दौरान विभिन्न प्रकार के सवाल-जवाब भी किए जाते हैं, जिन्हें बिना पूरी जानकारी के गलत अर्थों में नहीं लिया जाना चाहिए।
ये खबर भी पढ़े : यूपी में 1912 हेल्पलाइन बनी बिजली उपभोक्ताओं की भरोसेमंद साथी, शिकायत निस्तारण में नया रिकॉर्डउन्होंने यह भी कहा कि पार्टी को मिलने वाला आर्थिक सहयोग कानूनी प्रक्रिया के तहत चुनाव में उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने पर खर्च किया जाता है। इसके बावजूद उम्मीदवार चयन को लेकर अफवाहें फैलाना और भ्रम पैदा करना उचित नहीं है। बसपा प्रमुख ने मीडिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विरोधियों के कथित प्रायोजित दुष्प्रचार से प्रभावित न हों और मिशन-2027 की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटे रहें। उन्होंने दावा किया कि बसपा की तैयारियों से विरोधी दलों की बेचैनी बढ़ गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
